Saturday 11 May 2019

बात बतंगड़


बात बतंगड़ / डॉ. वेद प्रकाश भारद्वाज

1.
राजनीति का मी टू काल
चुनाव से पहले कितने ही मिट्ठुओं की नींद हराम करने वाला मी टू अब राजनीति में भी घुस आया है। इधर शॉट गन को अचानक याद आया कि उनके साथ ठीक नहीं हो रहा था तो वो कांग्रेस में चले गए, वहाँ उनके साथ सब ठीक होगा। कीर्ति आज़ाद तो पहले ही भाजपा की बरसों की यारी को सी टू कहते हुए अपने पिता के राजनीतिक घर में प्रवेश कर गए हैं। प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि हमारे सम्पर्क में टीएमसी के 40 विधायक हैं। उनकी घोषणा सुनकर दीदी मी टू की शिकायत करतीं इससे पहले दिल्ली में आप का एक विधायक मी टू मी टू करते हुए भाजपा में शामिल हो गया। पहले भाजपा सर्जिकल स्ट्राइक सर्जिकल स्ट्राइक गीत गा रही थी। कांग्रेस पीछे कैसे रहती। वह भी गाने लगी, मी टू, कि हमने भी की थी सर्जिकल स्ट्राइक। कांग्रेसी कब भाजपाई हो जाए और भाजपाई कांग्रेसी या सपाई, कुछ कह नहीं सकते। सब मी टू गा रहे हैं। इधर जनता बची है। चुनाव परिणाम ही बताएंगे कि उसने क्या कहा, मी टू या सी टू।
5-5-19

2.
राष्ट्रीय झूठ प्रतियोगिता

साधो! इन दिनों हर तरफ झूठ का कारोबार फैला है। लोकल से लेकर नेशनल लेवल तक जिसे भी मौका मिल रहा है, झूठ बोल रहा है। साधो! यह चुनाव का मौसम है। इस मौसम में झूठ का कारोबार खूब फैलता है। ऐसा लगता है जैसे राष्ट्रीय झूठ प्रतियोगिता चल रही है। भूतपूर्व से लेकर भावी भारत भाग्य विधाता तक इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं। कुछ भाग्य विधाता बनने की कोशिश में इस प्रतियोगिता में शामिल हैं। जिसको जितना बड़ा मौका मिल रहा है उतना ही बड़ा झूठ बोल रहा है। गड़े मुर्दे उखाड़े जा रहे हैं। झूठ को कुछ तो आधार चाहिए। नया नहीं तो पुराना आधार भी चलेगा। सरकार अपनी सरकार बचाने को झूठ बोलती है तो विप़क्ष सरकार बनाने को झूठ बोल रहा है। और झूठ भी कैसा, जिसका कोई सिर-पैर न हो। साधो! झूठ के पाँव नहीं होते इसलिए नेता उसमें पहिये लगा रहे हैं। इस राजनीति में कुछ भी मुमकिन है। साधो! जनता कभी एक की तरफ देखती है कभी दूसरे की तरफ। किसके झूठ को सच माने और किसके सच को झूठ- कुछ समझ नहीं पा रही है। इस राष्ट्रीय झूठ प्रतियोगिता में सच तो खोटा सिक्का है। भेड़िया आया - भेड़िया आया की तर्ज़ पर इतना झूठ बोला जा रहा है कि कभी गलती से कोई सच बोल भी दे तो लगता है झूठ ही बोल रहा है। जनता की इस प्रतियोगिता में भागीदारी नहीं होती पर पैवेलियन में बैठा दर्शक हाथों को उठाकऱ घुमाकर चौका-झक्का मारने का पुलाव तो पका ही लेता है। इस प्रतियोगिता का दर्शक मतदाता भी कुछ ऐसा ही कर रहा है। वह सभी नेताओं से कहता है कि आपको ही वोट देंगे। नेता जानते हैं कि मतदाता झूठ बोल रहा है। मतदाता मन ही मन कहता है- आप भी तो झूठों के सरदार हैं। सच्चाई का ताबीज़ सबने गले में पहन रखा है पर गला है कि झूठ के अलावा कुछ उगलता ही नहीं है। साधो! सब जानते हैं, हमाम में सब नंगे हैं पर कोई इस सच्चाई को स्वीकारना नहीं चाहता। लखनवी अंदाज़ में पहले आप - पहले आप की तर्ज़ पर पहले तेरा पाप- तेरा पाप का राग सब अलाप रहे हैं। साधो! इस प्रतियोगिता में कौन जीतेगा पता नहीं पर जिसे देखो वही जीत के गर्व से तना हुआ है। छोटे नवाब इस प्रतियोगिता में सबसे आगे हैं। गरीबी हटाओ के पुश्तैनी झूठ को दोहराते हुए उन्होंने सबको पीछे छोड़ दिया है। पर उनसे मुक़ाबिल लोग भी कम नहीं हैं। साधो! ऐसे में बस यही कहने का मन करता है कि -हम झूठन के सबसे प्यारा झूठ हमारा।
6-5-19
Top of Form
3.
माया मिले न राम

शास्त्रों में लिखा है, बचपन से सुनते भी रहे हैं कि व्यक्ति को मोह माया और ममता से दूर रहना चाहिए। इतिहास भी यही बताता है कि ज्यादातर लड़ाइयाँ मोह माया के कारण ही हुईं। महाभारत भी इसी का नतीजा था। गांधारी की ममता और धृतराष्ट्र का मोह न होता तो महाभारत भी न होता। तब से आज तक लोग माया और ममता के फेर में तीतर से बटेर होते रहे हैं। फिर कहा भी जाता है कि माया मिली न राम। आजकल जनता की ऐसी ही हालत है। कांग्रेसी आजकल लोगों को समझा रहे हैं कि माया और ममता के चक्कर में मत पड़ो। यह अलग बात है कि प्रधानमंत्री के कपड़े सिलवा लिए हैं। यक़ीन न हो तो मोदीजी से पूछ लो, रसीद उनके हाथ लग चुकी है। उन्होंने खुल्लमखुल्ला कहा है कि विपक्ष के पास सरकार बनाने लायक उम्मीदवार हैं नहीं और प्रधानमंत्री के कपड़े सिलवा लिए हैं। अब यह तो भविष्य ही बताएगा कि कौन प्रधानमंत्री के कपड़े पहनेगा और कौन नहीं पर इतना तय है, मनुष्य के लिए माया और ममता, दोनों से बचना आसान नहीं है। खुद माया और ममता का मोह छूटना मुश्किल है। भतीजे की शह मिल गई है तो अब बुवाजी ताजपोशी का ख़्वाब देखने लगी हैं। अम्बेडकर नगर से कभी भी दिल्ली फ़तह करने की बात कह रही हैं। अब नेताओं के लिए तो सबकुछ मुमकिन है। वैसे, जनता की स्थिति तो हमेशा कुछ ऐसी होती है कि
चाहे जितनी कोशिश कर, करले कितने ही काम
जनता की किस्मत ऐसी कि माया मिले न राम।
7-5-19
Top of Form
4.
फिसल गयी तो क्या करें!

साधो! फिसलना भारत का राष्ट्रीय चरित्र है जो राष्ट्रीय उत्सव चुनाव के समय और निखर कर सामने आता है। यह चुनाव की बेला है, वादों और आश्वासनों का रेला है, मतदाताओं का ठेलमठेला है। चारों तरफ हड़बड़ी मची है। मतदाताओं को पकड़ने की जल्दबाजी में कुछ का कुछ हो जा रहा है। ऐसे में साधो! किसी की जुबान फिसल जाए तो क्या बड़ी बात है। आखिर जुबान ही तो है, बिना हड्डी की है। अब ममताजी हैं सबकी दीदी हैं और वह भी बड़की वाली, उन्हें कोई भी कुछ भी कहने से कैसे रोक सकता है। चाहे जब बरस पड़ती हैं। मोदीजी के पीछे तो जैसे राशन-पानी लेकर पड़ी हैं। मोदी का नाम सुनकर वह भड़क जाती हैं। उन्होंने कहा है कि हम दंगा और धर्म के नाम पर वोट नहीं मानते। तो क्या भजन के नाम पर माँगती हैं! उनके इस भोलेपन पर एक शेर कहने को मन करता है
अपने घर में वो रखते कोई दरपन नहीं
कत्ल करते हैं और माथे पर शिकन नहीं।
बड़ी दी तो बड़ी दी- छोटी दी सुभानअल्लाह। उन्हें मोदी में दुर्योधन नज़र आ रहा है। वैसे तो कहते हैं कि जाकि रही भावना जैसी दिखती है हर सूरत वैसी। पर इसका क्या किया जा सकता है। सिब्बल साहब की जुबान भी फिसली तो बोल गये कि मोदी और भाजपा राम मंदिर निर्माण के प्रति गंभीर नहीं हैं। तो क्या कांग्रेस गंभीर है, इधर बहनजी की जुबान फिसली तो भतीजाजी कैसे पीछे रहें। और यह सब फिसल रहे हैं तो फिर हम ही क्यों बचे रहें, साधो! स्थिति यह हो गयी है कि जिसे देखो वहीं मौका पाते ही जुबान को फिसला दे रहा है। बाद में ज्यादा से ज्यादा माफी मांगनी पड़ेगी। बचपन से सॉरी बोलने का अभ्यास है, वह किस दिन काम आएगा!
8-5-2019

5.
और चाबी चोरी हो जाए

चुनावी जुमलाबंदी के इस दौर की बात ही कुछ और है। जैसे-जैसे परीक्षा की अंतिम घड़ी निकट आती जा रही है सांसों का तूफान और तेज हो रहा है। दिमाग के घोड़े रोके नहीं रूक रहे। जुबान की मझली कब किधर फिसल जाए कुछ कहा नहीं जा सकता। हर कोई खुद को पास और दूसरों को फेल बता रहा है। कोई कुछ भी कहने-बताने को स्वतंत्र है। बुवाजी ने दिल्ली दरबार का ख्वाब देखा तो भतीजे जी तत्काल तश्तरी में ताज लेकर आगे आ गये। उधर दक्षिण के सूरमा अलग राग अलापने लगे हैं, सत्ता की चाबी हमारे पास है। बोल तो दिया पर अब डरे-डरे हैं। कहीं ऐसा न हो कि चाबी चोरी हो जाए। इधर राहुल भैया चंद्रा चाचा से मिटिंग कर गुपचुप कुछ फिक्स कर आये हैं। क्या फिक्स किया है अभी किसी को पता नहीं। चंद्रशेखर जी से यह सब नहीं देखा गया तो बोल ही पड़े की सत्ता की चाबी दक्षिण के हाथ में है। अब सबसे चाबी छुपाते घूम रहे हैं। अब लग रहा है गलत समय पर बोल पड़े। मोदी जी ने अपने पत्ते अभी तक छुपा कर रखे हैं। कभी-कभी जोश में आकर इशारा कर देते हैं। बंगाल में दीदी का कुनबा तोड़ने का संकेत दे ही चुके हैं। दिल्ली में आप में तोड़-फोड़ मच ही चुकी है। रख लो अभी चाबी। हम ताला ही बदल देंगे। 
9-5-19

6.
आओ हिल-मिल खेलें

साधो! चुनाव का अंतिम दौर चल रहा है। सारे योद्धा अपने सारे तीर-कमान लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े हैं। दिन भर वोट के इस महाभारत के बाद भी योद्धाओं को चैन नहीं मिलता। द्वापर युग होता तो शाम को सब अपने-अपने शिविर में आराम करते। पर इस महाभारत के योद्धाओं को आराम कहाँ। यह तो कभी न रूकने वाला युद्ध है। वैसे भी अमेरिका की मेहरबानी से मुक्त बाजार की बूटी ने हमें चौबिस घंटे सातों दिन की घुट्टी पिला दी है। अब हमारा देश भी कभी सोता नहीं है। फिर हमारे नेता ही भला कैसे सो सकते हैं। उन्हें तो इन दिनों वैसे भी फुरसत नहीं है। अभी तो बहुत काम बाकी हैं। महाभारत की तरह इसमें भी तय है कि जीतने पर राजा कौन बनेगा और मंत्री कौन, बस महाभारत की तरह कौन जीतेगा यह तय नहीं है। इसलिए मंत्रणाएँ हो रही हैं। जीत के लिए सैटिंग हो रही है। अब महाभारत दो पक्षों के बीच तो है नहीं। यह महाभारत तो बहु-पक्षीय है। हर पक्ष की अपनी सल्तनत है। सौदेबाजी शुरू हो गयी है। जिनके बीच कभी जूतियों में दाल बंटतीथी वह मिलकर सत्ता की खिंचड़ी पकाने की योजना पर काम कर रहे हैं। खिंचड़ी भले ही कच्ची रह जाए या बीच में ही हांड़ी फूटने का डर हो पर एक बार हिल-मिल कर हांड़ी चढ़ा तो लें। यह तो खेल है, मिलकर खेलेंगे तो जीतने की संभावना रहेगा। इसलिए साधो! आज सभी खिलाड़ी दूसरे को अनाड़ी मानते हुए आओ हिल-मिल खेंलेंयोजना में आमंत्रित कर रहा है। लोग आ भी रहे हैं। कब तक हिल-मिल रहेंगे यह बाद में सोचेंगे। अभी तो जीतना है। असली खेल तो खेल खत्म होने के बाद होना है। उसमें यदि सही दाँव नहीं चला तो आखिरी गेंद पर रन आउट होने का खतरा है। इसलिए पहले से तय कर लेना जरूरी है। सारे दल संभावनाओं के द्वार खोलकर बैठे हैं।
10-5-2019
Top of Form



No comments:

Post a Comment